18 अप्रैल को मौसम रहेगा तूफानी, 15 प्रदेशों में आंधी-बारिश-ओलावृष्टि

 

मौसम में कल शनिवार यानि 18 अप्रैल को बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि 18अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी है। इस दौरान तेज हवाओं के झोंके साथ हल्की बरसात के आसार हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अधिकांश राज्यों में गर्मी और लू का खतरा बनता दिख रहा है।


 मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के दौरान पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से उत्तराखंड में आंशिक, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय भागों पर आंधी-बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
देशभर में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 66 डिग्री पूर्व देशांतर और 22 डिग्री उत्तर अक्षांश के आसपास सक्रिय है। एक ट्रफ उत्तर-पश्चिम राजस्थान से पूर्वी राजस्थान होते हुए दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक फैली है।

एक अन्य ट्रफ उत्तर बिहार से आंतरिक ओडिशा तक बनी हुई है। उत्तर बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसी के साथ एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैली है।

दक्षिण भारत में मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक उत्तर-दक्षिण ट्रफ सक्रिय है, जबकि महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी के बीच एंटी-साइक्लोन बना हुआ है।

मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान 18 अप्रैल के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी इसी दौरान बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

आंतरिक कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

18 से 20 अप्रैल के बीच मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और पश्चिम मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक संभव है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और धूलभरी आंधी आ सकती है।