संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक (भारत) के आह्वान पर 29 मई को खुईया टोल प्लाजा रहेगा पर्ची मुक्त

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक (भारत) के आह्वान पर किसानों-मजदूरों की मांगों को लेकर पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान में क्रमवार तरीके से टोल प्लाजाओं को पर्ची मुक्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय किसान एकता (बीकेई) द्वारा शुक्रवार, 29 मई 2026 को खुईया टोल प्लाजा (डबवाली) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक पर्ची मुक्त किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि किसान आंदोलन भाग-1 एवं भाग-2 की शेष मांगों, किसान विरोधी कर-मुक्त व्यापार समझौतों के विरोध, बिजली संशोधन बिल 2025 तथा सीड्स बिल 2025 के विरोध सहित विभिन्न किसान-मजदूर मुद्दों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डबवाली, कालांवाली और गोरीवाला तहसीलों के किसानों का खरीफ 2020 का बकाया मुआवजा तुरंत जारी किया जाए। इसके अलावा रोड़ी, कालांवाली, ओढ़ां तथा डबवाली क्षेत्र के खेतों में सिंचाई के लिए घग्गर नदी से फलड़ी नाला निकाला जाए तथा नहरी पानी की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
भारतीय किसान एकता ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार करने, किसानों की गेहूं की बकाया पेमेंट जारी करने तथा किसानों-मजदूरों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का समाधान करने की भी मांग उठाई है। लखविंदर सिंह औलख ने कहा कि खुईया टोल प्लाजा के नजदीकी गांव जलालआना के ग्रामीणों को भी आसपास के अन्य गांवों की तरह स्थायी रूप से टोल फ्री सुविधा दी जानी चाहिए।

औलख ने बताया कि 29 मई के टोल फ्री कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान एकता (बीकेई) की टीम से सरबजीत कंबोज, बंता सिंह जलालआना तथा माना सिंह जलालआना ने वीरवार, 21 मई को गांव जलालआना, जगमालवाली, पिपली, पाना, टप्पी, पन्नीवाला रुलदू, नीलांवाली, मांगेआना, जोगेवाला, देसूजोधा, फूलों, तिगड़ी तथा चट्ठा गांवों का दौरा कर किसानों, मजदूरों एवं आम जनता से 29 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।