दीपावली पर वेल्फेयर ट्रस्ट, सिरसा ने डॉक्टर्स व स्टाफ को किया सम्मानित, रंगोली प्रतियोगिता में पूजा और सपना रही प्रथम

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। वेलफेयर ट्रस्ट सिरसा द्वारा संचालित, जनता मैटरनिटी एवं जनरल अस्पताल, सिरसा में दीपावली के पावन पर्व के मौके पर रंगोली प्रतियोगिता व सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अस्पताल प्रशासक राजकुमार कामरा ने बताया कि अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ के बीच रंगोली प्रतियोगिता करवाई गई। जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे रंगों से बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। उन्होंने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता के लिए जज की भूमिका डा. मोनिका गुप्ता, डा. आशिमा राणा, डा. हर्षिका खत्री, डा. प्रीति गर्ग व डा. स्मृद्धि सेठी ने निभाई।

रंगोली प्रतियोगिता में पूजा और सपना प्रथम, बिंसी और लता द्वितीय तथा विजय और बब्बू ने तीसरा स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में विजेता रहे स्टाफ सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दीपावली के अवसर पर ट्रस्ट द्वारा डॉक्टर्स एवं अस्पताल के स्टाफ सदस्यों को उनके समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए खुशियां, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

इस मौके पर राजकुमार कामरा ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डॉक्टर और स्टाफ सदस्य समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका सम्मान करना उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया तथा समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।