सीडीएलयू SIRSA के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में एक माह का इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बायोटेक्नोलॉजी विभाग द्वारा तक आयोजित एक माह का इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना, उनमें अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना था।
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए बायोटेक्नोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. एस. के. गहलावत ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रयोगशाला आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया की चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में इस इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 1 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक किया गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में विभाग के शोधार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शोधार्थियों ने प्रयोगशाला सत्रों के संचालन, विभिन्न तकनीकों के प्रदर्शन तथा प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में सक्रिय सहयोग दिया।
इस अवसर पर जीवन विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. जे. एस. दुहान, प्रो. आर. के. सालार तथा प्रो. प्रियंका सिवाच ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए भी तैयार करते हैं।
कार्यक्रम के समन्वयक सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रदीप साध ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डीएनए आइसोलेशन, पीसीआर, माइक्रोबियल कल्चर तकनीक, प्लांट टिश्यू कल्चर, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, लैमिनार एयर फ्लो, बायोसेफ्टी कैबिनेट, ऑटोक्लेव, स्पेक्ट्रोफोटोमेट्री सहित आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी तकनीकों एवं प्रयोगशाला उपकरणों का व्यापक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजकीय राष्ट्रीय महाविद्यालय, सिरसा, गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार, सी.एम.जी. राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा, बोढ़िया खेड़ा कॉलेज तथा खालसा कॉलेज, पटियाला सहित विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 22 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभाग की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था तथा अनुभवी संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
समापन समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विभागाध्यक्ष प्रो. एस. के. गहलावत ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग भविष्य में भी विद्यार्थियों के कौशल विकास, अनुसंधान क्षमता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा।