सीडीएलयू में बी.फार्मेसी प्रवेश के लिए 30 जून तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय , सिरसा के फार्मेसी विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय में बी.फार्मेसी कार्यक्रम वर्ष 2023 से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
फार्मेसी विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर संजू बाला ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभाग को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विभाग में आधुनिक प्रयोगशालाएँ, अनुभवी एवं योग्य संकाय सदस्य तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की सभी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि फार्मेसी वर्तमान समय के सबसे तेजी से विकसित होने वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक है। बी.फार्मेसी करने के बाद विद्यार्थियों के लिए फार्मास्यूटिकल उद्योग, अस्पताल फार्मेसी, क्लिनिकल रिसर्च, ड्रग रेगुलेटरी अफेयर्स, क्वालिटी कंट्रोल एवं क्वालिटी एश्योरेंस, मेडिकल राइटिंग, फार्माकोविजिलेंस, रिसर्च एवं डेवलपमेंट, शिक्षण संस्थानों तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में फार्मासिस्ट, ड्रग इंस्पेक्टर, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, रेगुलेटरी अफेयर्स मैनेजर सहित अनेक प्रतिष्ठित पदों पर रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
फार्मेसी विभाग के इंचार्ज डॉ. गौरव खुराना ने बताया कि हरियाणा में बी.फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी (HSTES) द्वारा आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने तथा HSTES द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम का पालन करने की अपील की, ताकि वे समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बच सकें।
आवेदन करने के लिए सामान्य श्रेणी इच्छुक विद्यार्थियों के पास 12वीं में विज्ञान संकाय के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बैचलर ऑफ फामेर्सी 4 साल का कोर्स होता है तथा बी फामेर्सी लैटरल एंट्री के लिए डी फार्मेसी की योग्यता अनिवार्य है।इच्छुक विधार्थी www.techadmissionshry.gov.in पर ों लाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इच्छुक विद्यार्थी सीडीएलयू के फार्मेसी विभाग में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाकर फार्मेसी के क्षेत्र में अपना सफल एवं उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।