शाह सतनाम जी कॉलेज में बीएड छात्र अध्यापकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
भावी शिक्षकों को किताबी ज्ञान के साथ कक्षा में पढ़ाने का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए शाह सतनाम जी कॉलेज आॅफ एजुकेशन में बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र अध्यापकों के लिए 16 सप्ताह की विद्यालय इंटर्नशिप से पहले ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कमेटी के सौजन्य से हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षण पद्धति, कक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन और विद्यालय प्रशासन की बारीकियां समझाई गईं। प्राचार्या डॉ. रजनी बाला ने कहा कि विद्यालय इंटर्नशिप भावी शिक्षकों के व्यावसायिक विकास का अहम चरण है। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक विद्यालय परिवेश में शिक्षण कौशल विकसित करने और अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिलता है।
उन्होंने छात्र अध्यापकों को अनुशासन, समयबद्धता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इंटर्नशिप कार्यक्रम प्रभारी सुरेश कुमार ने विद्यालय प्रशासन, संस्थागत प्रबंधन, अनुशासन व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की जानकारी दी। उन्होंने सतत एवं व्यापक मूल्यांकन (सीसीई) की विभिन्न विधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका भी समझाई। सहायक प्रोफेसर संदीप सिंह ने पाठ योजना तैयार करने, कक्षा प्रबंधन और शिक्षण सहायक सामग्री के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने चार्ट, मॉडल और कार्ड जैसी सामग्री तैयार करने और कक्षा में उनके प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी। साथ ही इंटर्नशिप से संबंधित रिकॉर्ड और फाइल तैयार करने की प्रक्रिया भी समझाई।
- 27 फरवरी तक चलेगी इंटर्नशिप
कॉलेज में आयोजित यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के निर्देशों और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार हुआ। विद्यालय इंटर्नशिप 2 नवंबर 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2027 तक चलेगी। इस दौरान छात्र अध्यापक विभिन्न विद्यालयों में पढ़ाने का व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे और अपने शिक्षण कौशल व कक्षा प्रबंधन क्षमता को विकसित करेंगे।