सिरसा की अनाज मंडियों में धान खरीद का आंकड़ा 3.62 लाख मीट्रिक टन के पार, कालांवाली मंडी सबसे आगे
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अब तक कुल 3,62,985 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 99,171 मीट्रिक टन, हैफेड ने 1,88,189 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 75,625 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं, मंडियों से अब तक कुल 2,62,335 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।
SIRSA जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 49,259 किसान लाभान्वित हुए हैं। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 11,755, हैफेड के माध्यम से 28,793 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 8,711 किसान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कालांवाली अनाज मंडी में सर्वाधिक 78,475 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। इसके अलावा डबवाली में 63,107 मीट्रिक टन, सिरसा में 27,789 मीट्रिक टन, रोड़ी में 16,590 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 11,933 मीट्रिक टन, रानियां में 9,047 मीट्रिक टन, देसूजोधा में 8,341 मीट्रिक टन तथा अबूबशहर में 15,197 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। जिले की अन्य अनाज मंडियों में भी धान खरीद और उठान की प्रक्रिया लगातार जारी है।