पेपर लीक मामला, शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें, करोड़ों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : मुकेश प्रजापति
Paper leak case: Education Minister should resign immediately; tampering with the future of crores of students is not tolerated: Mukesh Prajapati
सिरसा।
देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और विशेषकर नीट परीक्षा में हुई धांधली को लेकर युवाओं और छात्रों में भारी आक्रोश है। इस गंभीर मुद्दे पर शहर के युवा समाजसेवी मुकेश प्रजापति ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की है। मुकेश प्रजापति ने कहा, नीट सहित अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने से देश के करोड़ों होनहार बच्चों का भविष्य अंधकार में लटक गया है।
दिन-रात एक कर तैयारी करने वाले लाखों छात्रों की मेहनत पर पानी फिर गया है। मानसिक तनाव के कारण कई मासूम छात्रों ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया, जो बेहद दर्दनाक और शर्मनाक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी बड़ी राष्ट्रीय त्रासदी और करोड़ों युवाओं के भविष्य का सवाल होने के बावजूद प्रधानमंत्री ने इस पर एक बार भी अपने मुंह से कुछ नहीं कहा। उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण आज देश भर के छात्र सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। मुकेश प्रजापति ने कहा कि हालांकि नीट पेपर लीक के बाद एनटीए पर कार्रवाई, सीबीआई जांच और दोबारा परीक्षा जैसे कदम उठाए गए,
लेकिन ये नाकाफी हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति करने से काम नहीं चलेगा। जवाबदेही शीर्ष स्तर पर तय होनी चाहिए। शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, ताकि देश के युवाओं को यह संदेश जाए कि सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि देश में पेपर लीक को रोकने के लिए एक ऐसा सख्त और पारदर्शी कानून बनाया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक न हो सके और देश के युवाओं का सिस्टम पर भरोसा बहाल हो सके।