SIRSA मंडी में पाइप लाइन विवाद: आढ़तियों के विरोध के बाद उपायुक्त ने काम रुकवाने के दिए आदेश
Mahendra india news, new delhi
सिरसा अनाज मंडी के अंदर से स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन डालने के विरोध में आज आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंडी प्रधान प्रेम बजाज के नेतृत्व में माननीय उपायुक्त महोदय से दोबारा मुलाकात की, जिसमें नगर पालिका और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में प्रधान प्रेम बजाज ने नक्शे के माध्यम से उपायुक्त को पाइपलाइन से होने वाले आर्थिक नुकसान और व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया और समाधान के लिए 2 वैकल्पिक सुझाव दिए।
आढ़तियों की चिंता को देखते हुए उपायुक्त महोदय ने तुरंत नगर पालिका और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों की एक टीम गठित कर मंडी के दौरे पर भेजा, जहाँ आढ़तियों ने टीम के सामने भी अपना कड़ा असंतोष व्यक्त किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त महोदय ने नगर पालिका को आदेश दिए कि जब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक इस कार्य को तुरंत प्रभाव से रोका जाए।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों में नगर पालिका ईओ श्रीमती सुमन लता, एसडीओ सुरेश कुमार, जेई सूरज भान, सह सचिव संदीप कुमार सहित एसोसिएशन के उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल समेत कई आढ़ती भाई मौजूद रहे, जिन्हें उम्मीद है कि प्रशासन उनके सुझावों को मानकर मंडी का कार्य सुचारू रूप से चलने देगा।