सिरसा में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की रेड, पुराने मकान से 16 कार्टून बरामद, आरोपी गिरफ्तार
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने सिरसा के ए-ब्लॉक में एक पुराने मकान पर दबिश देकर पटाखों के 16 बड़े गत्ते के कार्टून बरामद किए। पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
सूचना मिलते ही टीम ने छापामारी की
पुलिस के मुताबिक, सीआईए ऐलनाबाद की टीम गश्त के दौरान उधम सिंह चौक ऐलनाबाद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सौरभ पुत्र कृष्ण लाल निवासी मकान नंबर 205, ए-ब्लॉक सिरसा ने रामदेव मंदिर के पीछे जगदेव सिंह चौक के नजदीक स्थित अपने पुराने मकान में पटाखे रखे हुए हैं और बिना लाइसेंस उनकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर दबिश दी।
लाइसेंस नहीं दिखा पाया मकान मालिक
मकान की तलाशी लेने पर पुलिस को पटाखों के 16 बड़े कार्टून मिले। पुलिस ने मकान मालिक से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व परमिट मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खरीद-फरोख्त के स्रोत भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने थाना शहर सिरसा में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पटाखे कहां से खरीदे गए और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है, इसकी भी जांच की जा रही है। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि दिवाली के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।