नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दस्तक, डॉग स्क्वायड के साथ 22 घर खंगाले, खतरावां, मल्लेवाला व वीरू वालागुढ़ा में दबिश
mahendra india news, new delhi
नशे का अवैध कारोबार करने वालों में पुलिस का खौफ पैदा करने और तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सिरसा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विशेष अभियान चलाकर दबिश दी जाए रही है। शनिवार सुबह बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव खतरावां, मल्लेवाला व वीरू वालागुढ़ा में डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया। सुबह 6 से 10 बजे तक चले अभियान में पुलिस टीमों ने 22 संदिग्ध मकानों की जांच कर नशा तस्करी से जुड़े संभावित ठिकानों को खंगाला।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मकानों के अलावा गलियों, सार्वजनिक रास्तों और आसपास के खेतों में भी जांच-पड़ताल की। अभियान के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध लोगों पर निगरानी का संदेश दिया गया। अभियान बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी एवं एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी सब इंस्पेक्टर महावीर प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एसपी दीपक सहारन ने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी नशे के खिलाफ मुहिम में सहयोग करने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखना भी है। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ दबिश और निगरानी का अभियान लगातार जारी रहेगा।