यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप चार वर्षीय बीएसडब्ल्यू कार्यक्रम संचालित

A four-year BSW program, aligned with the National Education Policy (NEP), is being conducted at the University School for Graduate Studies
 

 चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज द्वारा संचालित चार वर्षीय बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्ल्यू) के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने नागरिक अस्पताल, सिरसा के मानसिक स्वास्थ्य विंग में 20 दिवसीय (120 घंटे का) ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप का अनुभवात्मक अधिगम पूर्ण किया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन तथा यूएसजीएस के डीन प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई के निर्देशन में आयोजित इस इंटर्नशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यावसायिक सामाजिक कार्य का व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना था।


प्राध्यापक सुनील कुमार के सुपरविजन में विद्यार्थियों ने जिला नागरिक अस्पताल, सिरसा के अनुभवी मनोचिकित्सकों, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं काउंसलरों के मार्गदर्शन में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को निकट से समझा। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव, अवसाद, चिंता, नशा मुक्ति, मनोसामाजिक मूल्यांकन, केस हिस्ट्री, पुनर्वास सेवाओं तथा परिवार आधारित परामर्श से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। साथ ही सक्रिय श्रवण, सहानुभूतिपूर्ण संवाद, रैपो निर्माण, गोपनीयता के नैतिक सिद्धांतों तथा संकट की स्थिति में मनोसामाजिक सहयोग जैसी काउंसलिंग तकनीकों का भी अभ्यास किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि इस इंटर्नशिप से उन्हें मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ कार्य करने का वास्तविक अनुभव मिला, जिससे उनके व्यावसायिक ज्ञान, व्यवहारिक कौशल और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप चार वर्षीय बीएसडब्ल्यू कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है तथा इसी शैक्षणिक सत्र से मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) कार्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है।

सामाजिक कार्य (सोशल वर्क) एक कौशल-आधारित व्यावसायिक कोर्स है, जिसके अंतर्गत प्रशिक्षित विद्यार्थी अस्पतालों, मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में प्रोफेशनल सोशल वर्कर, मेडिकल एवं साइकियाट्रिक सोशल वर्कर, मेंटल हेल्थ काउंसलर, स्कूल काउंसलर, वेलफेयर ऑफिसर, फैमिली काउंसलर, चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर, सीएसआर प्रोफेशनल एवं प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दे सकते हैं। वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य, सामुदायिक विकास, महिला एवं बाल कल्याण, नशा मुक्ति तथा पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में प्रशिक्षित सामाजिक कार्यकर्ताओं की मांग लगातार बढ़ रही है।