अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां शुरू, पीटीआई व डीपीई को करवाया कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण

 

mahendra india news, new delhi
आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के आदेशानुसार 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।


जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि सिरसा ब्लॉक में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर ने शिक्षा विभाग के पीटीआई, डीपीई, आयुष विभाग के कर्मचारियों एवं प्रवक्ताओं को योग प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत प्रार्थना से की गई। इसके पश्चात यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं में ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन एवं घुटना संचालन का अभ्यास करवाया गया।


योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन एवं त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया। बैठकर किए जाने वाले अभ्यासों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशांकासन, उत्तान मंडूकासन एवं वक्रासन शामिल रहे। वहीं पेट के बल किए जाने वाले अभ्यासों में मकरासन, भुजंगासन एवं शलभासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले अभ्यासों में सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास कराया गया। प्राणायाम सत्र में कपालभाति (शुद्धि क्रिया), नाड़ी शोधन, शीतली प्राणायाम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाने के पश्चात ध्यान एवं शांति पाठ के साथ प्रथम दिवस के योग सत्र का समापन किया गया। इस अवसर पर आयुष योग सहायक पंकज कुमार एवं पूनम ने योग अभ्यासों का क्रियात्मक प्रदर्शन किया।


जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने शिक्षा विभाग से आए सभी पीटीआई, डीपीई, आयुष विभाग के कर्मचारियों एवं प्रवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षा विभाग के पीटीआई एवं डीपीई को योग की बारीकियों तथा कॉमन योग प्रोटोकॉल से अवगत कराना है, ताकि वे स्कूलों में बच्चों को सही एवं व्यवस्थित तरीके से योगाभ्यास करवा सकें तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकें। इस दौरान आयुष विभाग से योग सहायक लवकेश, इंद्रजीत, अनिल कुमार, मोनिका, सुनेहा गोदारा, हेमलता एवं राजकुमार योग इंस्ट्रक्टर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।