माघ मेला 2027 की तैयारियां तेज, संगम की रेती पर 52 दिनों तक रहेगा श्रद्धालुओं का जमावड़ा, प्रयागराज माघ मेले की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद
mahendra india news, new delhi
यूपी के प्रयागराज में जनवरी माह 2027 में लगने वाले माघ मेले की तैयारियां जोर शोर से शुरू हो गई हैं. इसको लेकर सेंड के दिन पुलिस विभाग ने शिविर स्थापना के लिए भूमि पूजन करवाया। माघ मेले के त्रिवेणी मार्ग पर पुलिस लाइन की स्थापना होगी। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया और अन्य अधिकारियों ने भूमि पूजन किया। इसी के साथ ही पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया, इसी के साथ ही भूमि पूजन के साथ ही पुलिस विभाग के ध्वज का भी पूजन किया गया. निर्विघ्न संपन्न होने की मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती से कामना की. भूमि पूजन के साथ ही पुलिस विभाग की ओर से माघ मेले के लिए पुलिस लाइन और बैरक निर्माण की तैयारियां आज से विधिवत शुरू गई।
आपको बता दें कि इस बार माघ मेला 14 जनवरी/15 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति से शुरू होकर 6 मार्च को महाशिवरात्रि के स्नान पर्व तक चलेगा. संगम की रेती पर कुल 52 दिनों तक तंबुओं का शहर आबाद रहेगा. साल 2026 के माघ मेले में 21 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने के बाद इस बार मेले का और विस्तार किया जा रहा है. इस बार माघ मेला करीब 925 हेक्टेयर क्षेत्र में 8 सेक्टरों में बसाया जाएगा. इस बार माघ मेले में 7 के बजाय 9 पांटून ब्रिज बनाए जाएंगे. माघ मेले में 19 थाने, 50 पुलिस चौकियां और 22 फायर स्टेशन भी बनाए जाएंगे. माघ मेले में 20 से ज्यादा फायर वॉच टावर, 16 से ज्यादा साइबर हेल्प डेस्क और 16 से ज्यादा महिला हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे.
400 से अधिक लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
माघ मेले में आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया जाएगा. माघ मेला क्षेत्र में 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा, शहर में 1152 कैमरों से भी निगरानी की जाएगी. माघ मेले की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी. मेले में 42 से ज्यादा पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे. माघ मेले के लिए पार्किंग का क्षेत्रफल 250 हेक्टेयर से ज्यादा होगा. यहां करीब डेढ़ लाख वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी. मेले की सुरक्षा में 5000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इनमें सिविल पुलिस, पीएसी, आरएएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान शामिल रहेंगे. इसके अलावा, यूपी एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां भी मेले में तैनात रहेंगी.
3 शिफ्टों में पुलिसकर्मियों की लगेगी ड्यूटी
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया के अनुसार पुलिस बल भी दिसंबर तक माघ मेला क्षेत्र में तैनात हो जाएगा. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पुलिस फोर्स बुलाई जाएगी। जल पुलिस के पास पर्याप्त संख्या में बोट मौजूद हैं, लेकिन अन्य जिलों से भी शासन ने बोट भेजने की अनुमति दी है. माघ मेले में तीन शिफ्टों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मेले में पर्याप्त संख्या में गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे। आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड स्टेशन के साथ फायरकर्मियों की भी तैनाती रहेगी. पुरानी घटनाओं से सबक लेते हुए मेला पुलिस अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है. भूमि पूजन कार्यक्रम में एडीशनल सीपी डॉ. अजय पाल शर्मा, एडिशनल सीपी विजय ढुल, डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. इस मौके पर श्रीमठ बाघम्बरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बलवीर गिरी भी मौजूद रहे।