पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री सहित प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन नामांकन
HARYANA सरकार द्वारा पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री सहित प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की सिफारिशों के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार इन पुरस्कारों की घोषणा 26 जनवरी, 2027 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाएगी।
जारी निर्देशों अनुसार पद्म पुरस्कारों के लिए सिफारिशें politicalw.hry@gmail.com या hrathee.cso@hry.gov.in पर 10 जून, 2026 तक भेजी जानी चाहिए। वहीं केन्द्र सरकार द्वारा केवल ऑनलाइन पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से भेजे गए नामांकन या सिफारिशें ही स्वीकार की जाएंगी। इसलिए सिफारिशें उपयुक्त फॉर्मेट में ही भेजी जानी चाहिए। इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें शुरू हो चुकी हैं और नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 है। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी नामांकन या सिफारिश पर विचार नहीं किया जाएगा।
पद्म पुरस्कारों, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार माना जाता है। वर्ष 1954 में शुरू हुए इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य विशिष्ट कार्य को सम्मानित करना है। ये सम्मान कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और विशिष्ट उपलब्धियों अथवा सेवाओं के लिए दिए जाते हैं। ये पुरस्कार जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के, सभी व्यक्तियों के लिए हैं। इन पुरस्कारों के लिए परंपरागत रूप से सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से तथा अन्य विभिन्न स्रोतों से नामांकन आमंत्रित किए जाते हैं, ताकि व्यापक स्तर पर योग्य व्यक्तियों पर विचार किया जा सके।
पद्म पुरस्कारों के लिए सभी नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के जरिए ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन या सिफारिशों में इस पोर्टल पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में सभी आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से भरते हुए उस व्यक्ति की अपने क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों या सेवाओं का पूरा विवरण दिया जाना आवश्यक है। किसी व्यक्ति की ऑनलाइन सिफारिश करते समय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी आवश्यक जानकारी सही और पूर्ण रूप से भरी गई हो। ऑनलाइन सिफारिश करने की प्रक्रिया से संबंधित सभी चरण पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इन पुरस्कारों से संबंधित अधिनियम और नियमों की प्रति भी वेबसाइट https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है।
अगर किसी व्यक्ति को पहले कोई पुरस्कार मिल चुका है, उसे पद्म पुरस्कार प्रदान करने पर विचार किया जा सकता है, बशर्ते कि पूर्व पुरस्कार प्राप्त होने के बाद कम से कम पाँच वर्ष का समय बीत चुका हो। हालांकि अत्यंत विशेष मामलों में इस अवधि में ढील भी दी जा सकती है। चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोडक़र, सरकारी कर्मचारी और सार्वजनिक उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं हैं।
---------------
धान की सीधी बिजाई मशीन (डीएसआर) पर अनुदान के लिए आवेदन आमंत्रित
सिरसा, 04 जून।
वर्ष 2026-27 के तहत खरीफ सीजन में धान की सीधी बिजाई मशीन (डीएसआर) पर अनुदान प्राप्त करने के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटएग्रीहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि उप निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में से केवल एक सदस्य ही मशीन पर अनुदान के लिए आवेदन कर सकता है। साथ ही, जिस किसान ने पिछले तीन वर्षों में डीएसआर मशीन पर अनुदान का लाभ लिया है, वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि आवेदक किसानों के लिए मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान किसी भी कार्य दिवस पर उप कृषि निदेशक कार्यालय, सिरसा अथवा सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, सिरसा में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।