गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार हत्याकांड में मुख्य आरोपी 24 घंटे में धर-दबोचा ।

 

 


हत्या में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नही जाएगा :- एसपी दीपक सहारन ।


गांव जमाल में ठेकेदार को गोली मारकर उतारा था मौत के घाट, मुख्य आरोपी राहुल पुलिस के हत्थे चढ़ा ।

सिरसा। नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में जमाल पुलिस चौकी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल पुत्र सुभाष चंद्र निवासी गांव जमाल को वारदात के महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस की टीमें हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की लिए लगातार दबिश दे रही है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी साहब ने बताया कि गांव जमाल में राजस्थान सीमा के समीप हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। सोलर प्लांट में ठेकेदारी का काम करने वाला मृतक सुभाष चंद्र (45) मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्लांट में बैठा हुआ था। इसी दौरान 2-3 युवक वहां पहुंचे और सुभाष चंद्र को गोली मारकर मौके से फरार हो गए।

गोली लगने से सुभाष चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक के पिता भादर राम पुत्र माडूराम निवासी गांव जमाल की शिकायत पर मुख्य आरोपी राहुल सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि जमान पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह के संज्ञान में मामला आते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल पुत्र सुभाष चंद्र निवासी गांव जमाल को चौपटा थाना क्षेत्र से मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।