CDLU SIRSA में प्रोफेसर सुल्तान सिंह को बॉयज़ होस्टल्स के चीफ वार्डन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन तथा लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सुल्तान सिंह को विश्वविद्यालय के बॉयज़ होस्टल्स के चीफ वार्डन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार द्वारा अधिसूचना जारी की गई।
प्रो. सुल्तान सिंह वर्ष 2004 से चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में अपनी शैक्षणिक सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने "हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से सुशासन" विषय पर पीएचडी. की उपाधि प्राप्त की है। सुशासन एवं स्थानीय शासन उनके प्रमुख शोध क्षेत्र हैं। उनकी प्रकाशित पुस्तक 'पंचायती राज : सुशासन का माध्यम' इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान मानी जाती है।
प्रो. सिंह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के 50 से अधिक सेमिनारों और कार्यशालाओं में शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वे विभिन्न शोध परियोजनाओं में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं तथा एम.फिल. और पीएच.डी. शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन कर रहे हैं। लोक प्रशासन, सुशासन, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास और सार्वजनिक नीति उनके विशेषज्ञता के प्रमुख विषय हैं।
शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों के साथ-साथ प्रो. सुल्तान सिंह विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। वे विभिन्न अकादमिक समितियों के सदस्य रहे हैं तथा विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा केंद्र के उपनिदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रो. सुल्तान सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे छात्र हित, अनुशासन, सुरक्षित एवं सकारात्मक छात्रावास वातावरण तथा छात्र-केंद्रित कार्य संस्कृति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।