सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी मजबूती, 71 नई इलेक्ट्रिक बसों से यात्रियों को राहत
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिटी बस सेवा के बेड़े में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल कर ली गई है। इनमें से 35 बसों का 9 रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू हो गया है।
इसी के साथ ही शेष 36 बसों के पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इन बसों के नियमित संचालन से शहर के साथ-साथ पटौदी, हेलीमंडी और आसपास के क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी अच्छी होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार जीएमसीबीएल (गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेडड) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से नये रूट शुरू करने और मौजूदा रूटों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में सहायता मिलेगी।
फिलहाल सभी बसें सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से संचालित की जा रही हैं। ट्रायल के दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया, रूटों की उपयोगिता और बसों की संचालन क्षमता का आकलन किया जाएगा। इसके बाद नियमित संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पटौदी से द्वारका तक मिलेगी कनेक्टिविटी
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 9 रूटों पर किया जा रहा है। इनमें गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन, गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम विश्वविद्यालय होते हुए ढाणा मोड़, आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-99ए स्थित कान्सिएंट हैबिटेट से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक के रूट शामिल हैं।
इसके अलावा सेक्टर-37 के पेस सिटी-2 से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-99ए से केंद्रीय विहार, भोंडसी पुलिस चौकी से महावीर चौक स्थित गौशाला मैदान और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़ तक भी बसें चलेंगी।
ये होगा किराया
25 यात्रियों की क्षमता वाली इन बसों का किराया दूरी के आधार पर तय किया गया है। 6 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 15 रुपये, छह से 13 किलोमीटर तक के लिए 25 रुपये और 13 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 35 रुपये किराया देना होगा।
इस किराया व्यवस्था से यात्रियों को प्राईवेट वाहनों के मुकाबले सार्वजनिक परिवहन का किफायती विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।