सेवानिवृत्त SIRSA डीईओ सुनीता साईं को अहिल्या बाई होल्कर सम्मान से किया सम्मानित
Mahendra india news, new delhi
भाविप शाखा सिरसा की मातृशक्ति द्वारा,भाविप के ऊजार्वान अध्यक्ष रघवीर सिंगला के नेतृत्व में तथा सुमन गौतम, संयोजक महिला सहभागिता के संयोजन में लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की जन्मशती, प्लेनेट-ई-वीजा बरनाला रोड पर बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह पूर्वक मनाई गई। इस कार्यक्रम में सुनीता साईं सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा मुख्य अतिथि और विजय चुघ सेवानिवृत्त प्रिन्सिपल बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम में सुनीता साईं को समाज सुधार, महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में दिये बहुमूल्य योगदान हेतु अहिल्या बाई होल्कर सम्मान से सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा वन्देमातरम गायन से किया गया। जिला समन्वयक प्रमोद गौतम द्वारा अतिथि स्वागत के पश्चात अशोक गुप्ता, प्रांतीय संयोजक संपर्क गतिविधि ने सभी को विस्तार पूर्वक परिषद का परिचय दिया। सुमन गौतम, संयोजक महिला सहभागिता द्वारा पुण्यश्लोका अहिल्या बाई होल्कर का विस्तृत जीवन परिचय दिया गया। उन्होंने बताया कि वे संघर्ष, साहस, संयम एवं समाज को समर्पित सेवा की साक्षात प्रतिमूर्ति थी, जिनका इतिहास समय की गर्द में दबा दिया गया। वे हर नारी के लिए आदर्श है तथा प्रेरणा का स्त्रोत हैं। इस अवसर पर संगीता जिंदल ने भी एक कविता के माध्यम से अहिल्या बाई होल्कर के जीवन को प्रेरणादायी बताया।
इस कार्यक्रम में चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय रेडियो से पधारी छिन्द्रकौर ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। क्षेत्रीय संयोजक संस्कार गतिविधि हरिओम भारद्वाज ने सुनीता साईं को एक आदर्श अधिकारी, अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति बेहद संवेदनशील एवं महिलाओं के अधिकारों की सजग पहरी बताया तथा इस सम्मान के लिए सबसे उपयुक्त चयन बताया।
प्लेनेट ई वीजा के प्रबंध निदेशक अमित तनेजा ने युवाओं के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। इस कार्यक्रम में दीपक शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष, शाखा वित्त सचिव प्रवीण गुप्ता, सेवानिवृत कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, डीओसी स्काउट एंड गाइड ऊषा गुप्ता, सेवानिवृत कॉलेज प्राचार्या तेजिंदर कौर सहित , शाखा गतिविधि संयोजक एवं भाविप के सदस्य उपस्थित हुए। कार्यक्रम में कमलजीत जिंदल, शाखा सचिव ने बहुत ही कुशलता से मंच संचालन किया।