स्कूली बच्चों ने फूलकां गौशाला का किया शैक्षिक भ्रमण, जाना गौसेवा का महत्व
mahndra india news delhi
सिरसा, 16 मई। शनिवार को सतलुज पब्लिक स्कूल सिरसा के करीब 200 विद्यार्थियों ने श्री गौशाला फूलकां का भ्रमण किया और करीब दो घंटे तक गौशाला प्रांगण में सेवा व गौवंश के रख-रखाव के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान गौशाला कमेटी की ओर से भ्रमण टीम की इंचार्ज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। जानकारी अनुसार, सतलुज पब्लिक स्कूल की ओर से 200 छात्र-छात्राओं का भ्रमण दल शनिवार सुबह 9 बजे फूलकां गौशाला पहुंचा।
भ्रमण टीम की इंचार्ज प्राध्यापिका निशा वालिया ने बताया कि कक्षा 8 के छात्रों ने आज गौशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस गतिविधि का उद्देश्य छात्रों को पशु देखभाल और ग्रामीण आजीविका के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था। इस दौरान गौशाला के उप प्रधान जयचंद कूकना, सचिव हरभजन सिद्धू, मेवा सिंह व काशी राम कसवां ने
छात्रों को गौशाला की दैनिक दिनचर्या, गौवंश को चारा खिलाना, दूध निकालना, स्वास्थ्य देखभाल, गोबर से वर्मीकम्पोस्ट और जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया समझाई। वहीं भ्रमण दौरान स्कूली बच्चों ने गौशाला में वार्ड वाइज जाकर गौवंश के बारे में भी कई जानकारियां हासिल की।
इस दौरान प्राध्यापिका निशा वालिया ने कहा कि इस भ्रमण से छात्रों ने समझा कि गौशालाएं आवारा पशुओं की रक्षा करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस भ्रमण के द्वारा कक्षा में पढ़ी गई बातों को वास्तविक जीवन से जोडऩे प्रयास किया गया, वहीं पशुधन की देखभाल के प्रति जागरूकता व सम्मान की भावना भी विकसित हुई।