सिरसा में रेलगाड़ियों के विस्तार को लेकर श्री ब्राह्मण सभा रजि. ने भेजा पत्र

 

mahendra india news, new delhi
 सिरसा रेलवे स्टेशन से यात्रियों की सुविधा हेतु कुछ रेलगाड़ियों के विस्तार एवं समय परिवर्तन करने की मांग श्री ब्राह्मण सभा रजि. सिरसा ने दिल्ली की सांसद रेखा शर्मा को एक पत्र भेजा है। रेखा शर्मा को भेजे पत्र में सभा के प्रधान अर्जुन शर्मा ने बताया कि फरवरी 2024 में हांसी-महम-रोहतक नई रेल लाइन का निर्माण पूरा हुआ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस लाइन का उद्घाटन कर इस लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया था।

उन्होंने कहा कि अब सिरसा से हांसी होते हुए नई दिल्ली के लिए एक नई इंटरसिटी सुबह 4:30 बजे चल कर नई दिल्ली 9:15 बजे पहुंचे और वापसी शाम 5:00 बजे चलकर रात्रि 10:00 बजे सिरसा पहुंचे, ताकि सिरसा का आम व्यापारी 8 घंटे में काम करके उसी दिन रात्रि 10:00 बजे अपने घर पहुंच जाएं। यह नई दिल्ली का सबसे छोटा रूट 244 किलोमीटर का होगा। शर्मा ने कहा कि सिरसा से लुधियाना जाने वाली गाड़ी संख्या नंबर 54633 जो की लुधियाना जाती है, यदि इस गाड़ी को अमृतसर तक बढ़ा दिया जाए तो सिरसा-आदमपुर-हिसार के लोगों को काफी फायदा होगा और यहां से अधिकतर मजदूर पंजाब में भी काम करने के लिए जाते हैं, वह भी आसानी से आ-जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कोरोना कल में बंद की गई जनता एक्सप्रेस गाड़ी जो कि फिरोजपुर से मुंबई जाती थी। यदि उस गाड़ी को पुन: चला कर फिरोजपुर-बठिंडा-हिसार, हांसी-महम होते हुए नई दिल्ली तक चलाया जाए तो यह सबसे छोटा रूट भी होगा और सिरसा वासियों को भी मुंबई सीधा जाने के लिए एक ट्रेन उपलब्ध हो सकेगी। जो गाड़ियां फिरोजपुर व श्री गंगानगर से चलकर बठिंडा आती है, यदि उनकी कुछ गाड़ियों को सिरसा-हिसार तक बढ़ाया जाए तो बठिंडा व हिसार में दूसरी गाड़ियों को भी आसानी से पकड़ा जा सकता है।

गाड़ी संख्या 12801/12802 पूरी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस रेलगाड़ी की नई दिल्ली से महम-हांसी-हिसार होते हुए सिरसा तक चलाया जाए, क्योंकि यहां रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के बीच गाड़ियों में पानी भरने के लिए रेल प्रशासन द्वारा सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। जिसके लिए स्टाफ की भी नियुक्ति की गई है। शर्मा ने कहा कि सिरसा पावर हाउस के नजदीक काफी मात्रा में रेलवे की फालतू जगह पड़ी हुई है। यदि प्रशासन द्वारा टीम की नियुक्ति कर यहां खाली पड़ी जमीन पर वॉशिंग लाइन बनाकर इस जमीन का उपयोग किया जा सकता है। यहां कम से कम 4 से 6 नई बड़ी वॉशिंग लाइन बन सकती है। शर्मा ने कहा कि यदि सिरसा में जमीन का सदुपयोग कर लिया जाए तो काफी संख्या में गाड़ियां सिरसा में वाशिंग के लिए आ सकती है, जिससे रेल प्रशासन को न केवल फायदा होगा, अपितु यात्रियों को भी काफी संख्या में लंबी दूरी की गाड़ियां उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि सिरसा से ऐलनाबाद लाइन का काफी समय पूर्व सर्वे हो चुका है, परंतु इसका बजट अभी तक अलॉट ना होने के कारण लाइन बीच में लटकी हुई है, बजट का अलॉटमेंट किया जाए । गाड़ी संख्या नंबर 14891 / 14892 जोधपुर से हिसार एक्सप्रेस को सिरसा तक एक्सटेंड किया जाए । गाड़ी संख्या नंबर 09271 / 09272 जो कि भावनगर टर्मिनस स्पेशल ट्रेन सप्ताह में 2 दिन हिसार से सिरसा-बठिंडा होकर चलवाया जाए, क्योंकि यह गाड़ी हिसार से ही वापस चली जाती है, इससे सिरसा वालों को हरिद्वार जाने के लिए एक गाड़ी उपलब्ध हो जाएगी। प्रधान अर्जुन शर्मा ने सांसद रेखा शर्मा ने आग्रह किया कि वे उपरोक्त गाड़ियों का सिरसा में ठहराव सुनिश्चित करवाने की कृपा करें, ताकि आमजन रेलगाड़ी की सुविधाओं का भी लाभ उठा सके।