श्री खाटू धाम, श्री श्याम भंडारा ट्रस्ट सदस्यों ने फाल्गुन मेले में श्री श्याम भंडारे को लेकर मीटिंग में बनाई रणनीति

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। श्री श्याम भंडारा ट्रस्ट, सिरसा की एक विस्तृत एवं महत्वपूर्ण बैठक नोहरिया बाजार में स्थित प्रधान सुनील सोनी के कार्यस्थल पर संस्था के संरक्षक पुरुषोत्तम गोयल एवं प्रधान सुनील सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आगामी फाल्गुन मेले के दौरान लगाए जाने वाले श्री श्याम भंडारे को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य भंडारे की संपूर्ण रूपरेखा तय करना एवं सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूर्ण करना रहा। बैठक में भंडारे के आयोजन स्थल, व्यवस्था संचालन, प्रसाद वितरण, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, जल एवं चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा प्रबंध तथा स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह भी तय किया गया कि भंडारा पूर्णत: सेवा-भाव, अनुशासन और श्रद्धा के साथ संचालित किया जाएगा,

ताकि दूर-दराज से आने वाले श्याम भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर प्रेस प्रवक्ता कमल सिंगला ने बताया कि श्री श्याम भंडारा श्री खाटू धाम राजस्थान में 23 फरवरी से 28 फरवरी 2025 तक तोरण द्वार के नजदीक, आनंदा धर्मशाला के साथ आयोजित किया जाएगा।

भंडारे के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में सामग्री, रसोई व्यवस्था एवं सेवा दल की तैयारी समय रहते सुनिश्चित की जाएगी। ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने एकमत होकर यह संकल्प लिया कि फाल्गुन मेले के पावन अवसर पर यह भंडारा न केवल सेवा का माध्यम बने, बल्कि श्याम बाबा की कृपा से मानव सेवा का एक आदर्श उदाहरण भी प्रस्तुत करे।

बैठक के अंत में सभी सेवादारों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक सहयोग की अपील की गई, ताकि यह आयोजन सफल, सुव्यवस्थित और स्मरणीय बन सके। इस अवसर पर सचिव मोहित गोयल, कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग, पिंटू महिपाल, राजीव बंसल, ललित शर्मा, नरेश कुमार, मनोज जूहीवाला, आशु शेरपुरा वाले, मनोज शर्मा मौजी, नीटू जैन, अंजनी गोयल, सत्यनारायण सुथार के अलावा संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद थे।