पावन द्वादशी पर प्राचीन श्री श्याम मंदिर पहुंचे श्री नन्दू महाराज, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत

 

mahendra india news, new delhi
 पावन द्वादशी के अवसर पर नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर में श्याम जगत सम्राट परम आदरणीय श्री नन्द किशोर जी शर्मा "नन्दू महाराज" का आगमन हुआ। उनके मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। मंदिर कमेटी एवं श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। महाराज के स्वागत के दौरान मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयघोषों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक वातावरण में भक्ति भाव से सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और श्याम बाबा की महिमा का गुणगान भी किया गया। नंदू जी ने कीर्तन की है रात, भर दे रे श्याम झोली भरदे, पलके ही पलके भजन भी गाकर माहौल को श्याममय बना दिया। नन्दू महाराज ने अपने संबोधन में श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भगवान की आराधना से जीवन में सकारात्मकता और आत्मिक शांति प्राप्त होती है। मंदिर सेवक परिवार से योगी शर्मा ने बताया कि द्वादशी के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और सभी ने भक्तिमय माहौल में कार्यक्रम का आनंद लिया। इस शुभ अवसर पर मंदिर भवन में छबील भी लगाई गई व कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। इस मौके पर तेजपाल शर्मा, परीक्षित शर्मा, पवन शर्मा, भारती शर्मा, हेमंत साहुवाला, मनीष सोनी, मुकेश बांसल, समीर सिंगल, राजकुमार शर्मा, दीपक वधवा, ललित मोंगा, कमल योगी, मनोज कौशिक, देवेंद्र मोदी, तेजपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।