SIRSA एडीसी अर्पित संगल ने की नीट 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, 21 जून को 2526 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

 
Mahendra india news, new delhi

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून (रविवार) को नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों की बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा से जुड़े विभिन्न प्रबंधों, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। 

एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एनटीए के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूरी करें। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 2,526 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सुबह 11 से दोपहर डेढ़ बजे तक एंट्री होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन एवं पेपर मोड में आयोजित की जाएगी, दिव्यांग अभ्यार्थियों को एक घंटा अतिरिक्त मिलेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो और परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं, उचित वेंटिलेशन, स्वच्छ वातावरण तथा अभ्यर्थियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सिटी कोऑर्डिनेटर एवं पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, वायुसेना स्टेशन सिरसा के प्राचार्य प्रदीप सिंह ने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ सुभाष चन्द्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोढ़ सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कॉलेज प्रिंसिपल आदि मौजूद रहे।