अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर कनिष्क चौहान की राह चली सिरसा की बेटी अंजलि
mahendra india news, new delhi
सिरसा। जिला सिरसा से एक बार फिर सिरसा की एक बेटी ने अपनी प्रतिभा के बल पर बीसीसीआई को उसके खेल की तरफ आकृष्ट किया है। शानदार खेल प्रदर्शन के आधार पर बीसीसीआई अब सिरसा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर छोरे कनिष्क चौहान के बाद सिरसा की बेटी अंजलि को अंडर-19 आयु वर्ग में फाइनल ट्रायल के लिए मुंबई बुलाने के लिए बाध्य हुआ है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद बेनीवाल व अंजलि के प्रशिक्षक शंकर सैनी ने क्रिकेटर अंजलि को उसके उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
अंजलि ने यूं दर्शाई प्रतिभा
बीसीसीआई ने बीते दिसंबर माह में पूरे देश में करीब 15 मुख्य शहरों में महिला क्रिकेट में बेहतर खिलाडिय़ों के चयन के लिए ओपन ट्रायल लिए गए थे जिसमेें अंडर-19 व अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल थे। हरियाणा में जिला गुरुग्राम में ये ट्रायल लिए गए थे। सिरसा जिले के गांव हांडीखेड़ा निवासी सुभाष की बेटी अंजलि पिछले चार सालों से शहीद भगत सिंह स्टेडियम में क्रिकेट प्रशिक्षक शंकर सैनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही है।
प्रशिक्षक शंकर सैनी के प्रोत्साहन व अभिभावकों की सहमति से अंजलि ने इस ट्रायल में भाग लेकर बॉलिंग में 101.38 प्रति किलोमीटर की रफ्तार से बॉलिंग कर बीसीसीआई के ट्रायल लेने वाले प्रतिनिधियों को अपने खेल की ओर आकृष्ट किया। बीसीसीआई की इस टीम ने अब अंजलि को फाइनल ट्रायल के लिए आगामी 1 फरवरी को मुंबई आमंत्रित किया है। यदि इस फाइनल ट्रायल में भी अंजलि ने अपने दमखम से बीसीसीआई को प्रभावित किया तो निश्चित ही कनिष्क चौहान के बाद अंजलि के रूप में सिरसा महिला क्रिकेट में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दस्तक देता नजर आएगा।
मैदान फतेह कर लौटेगी अंजलि: डॉ. बेनीवाल
जिला सिरसा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद बेनीवाल व जिला क्रिकेट प्रशिक्षक शंकर सैनी ने संयुक्त रूप से कहा कि अंजलि के हौंसले और उसके संकल्पों को लेकर निश्चित ही कहा जा सकता है कि वह मैदान फतेह करके ही लौटेगी। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों के दौरान जिस प्रकार अंजलि ने ग्राउंड में पसीना बहाया है, अब उसका रंग राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखने का वक्त आ गया है। सिरसा की यह बेटी निश्चित ही फाइनल ट्रायल की चुनौती को पराजित कर अपने जिले, परिवार, प्रशिक्षक व जिला क्रिकेट एसोसिएशन को सम्मान देगी।