SIRSA की बेटी गर्विष्ठा जैन ने जीता कांस्य, एसोसिएशन ने 42 हजार की स्कॉलरशिप से नवाजा
mahendra india news, new delhi
सिरसा की उभरती हुई खिलाड़ी गर्विष्ठा जैन ने अपनी मेहनत और कौशल के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। वर्ष 2023 में मध्य प्रदेश में आयोजित जू-जित्सु नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली गर्विष्ठा जैन पुत्री कमल कृष्ण जैन को उनकी इस उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रविवार को स्थानीय राज मार्शल आर्ट्स एकेडमी में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गर्विष्ठा जैन को उनकी खेल प्रतिभा और भविष्य की तैयारी के लिए 42,000 की स्कॉलरशिप (छात्रवृत्ति) प्रदान की गई। यह राशि उनके निरंतर अभ्यास और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ललित जैन प्रधान, सिरसा जू-जित्सु एसोसिएशन, राज कुमार वर्मा महासचिव एवं कोच (जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी ने यह मुकाम हासिल किया), सुखराज टेक्निकल डायरेक्टर, गुरजीत सिंह कंबोज सचिव उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रधान ललित जैन ने कहा कि गर्विष्ठा की यह सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे सिरसा जिले के लिए गर्व का विषय है।
एक छोटे से शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना और 42,000 की स्कॉलरशिप हासिल करना उनकी लगन को दर्शाता है। जू-जित्सु एसोसिएशन हमेशा ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मदद के लिए तत्पर है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा के देश का तिरंगा पूरी दुनिया में फहरा सकें। कोच राज कुमार वर्मा ने भी खिलाड़ी की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि गर्विष्ठा जैसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। एकेडमी के अन्य प्रशिक्षुओं ने भी अपनी साथी खिलाड़ी की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।