SIRSA जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल शनिवार को

 
Mahendra india news, new delhi

77वें गणतंत्र दिवस समारोह का जिला स्तरीय आयोजन शहीद भगत सिंह स्टेडियम सिरसा में गरिमामयी व भव्य तरीके से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर शुक्रवार को स्टेडियम में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने परेड, मार्च पास्ट, पीटी व डंबल शो सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया। पुलिस टुकड़ी का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस शिवम ने किया।

वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने प्रतिभागियों द्वारा किए गए पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करते हुए टीम इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी 26 जनवरी को बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे जिसकी झलक अब पूर्वाभ्यास में देखने को मिल रही है। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन गरिमामयी ढंग से होगा। गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल शनिवार, 24 जनवरी को आयोजित होगी जिसमें सभी कार्यक्रम देशभक्ति से ओतप्रोत सहित प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद होंगे। 26 जनवरी को आयोजित समारोहों में वीर स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों व सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

जिला व उपमंडल स्तरीय समारोह में ये होंगे अतिथि

जिला स्तरीय समारोह में विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री हरियाणा सरकार मुख्यअतिथि होंगे। डबवाली में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में एसडीएम डबवाली अर्पित संगल, ऐलनाबाद में प्रवीण पोपली मेयर हिसार तथा कालांवाली उपमंडल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में सोनू सिहाग चेयरमैन जिला परिषद हिसार बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करेंगे।

मुख्यातिथि 9ः58 मिनट पर समारोह में ध्वज फहरा कर परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि स्थानीय लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक व स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर पहुंच कर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करेंगे।  रिहर्सल कार्यक्रम में प्रिंसिपल मंजू पुनिया, दलजीत सिंह, मीना भाटिया, अमनदीप कौर, सुखदेव सिंह, विक्रम मौजूद रहे।