SIRSA जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने किया राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन का निरीक्षण

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला विज्ञान विशेषज्ञ डा. मुकेश कुमार द्वारा राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन सिरसा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पाया कि विद्यालय में अब तक कक्षा 6 से 8 तक कुल 185 विद्यार्थियों का दाखिला हो चुका है। विद्यालय की सबसे विशेष और सराहनीय पहल यह देखने को मिली कि प्रत्येक कक्षा-कक्ष में साइंस किट को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित किया गया है।

यद्यपि विद्यालय में अलग से विज्ञान प्रयोगशाला उपलब्ध नहीं है, फिर भी प्रत्येक कक्षा में ही विज्ञान गतिविधियों के लिए किट बॉक्स लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को वहीं बैठकर प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। यह व्यवस्था वास्तव में सीखते हुए करना की अवधारणा को सशक्त बनाती है। विद्यार्थी इन गतिविधियों में अत्यंत रुचि और उत्साह के साथ भाग लेते हुए दिखाई दिए, जो उनकी जिज्ञासा और सीखने की ललक को दशार्ता है।

विद्यालय की विज्ञान अध्यापिका श्रीमती शुकंतला का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जो प्रत्येक वर्ष बच्चों का नामांकन मिशन बुनियाद, एनएमएमएस एवं इंस्पायर अवार्ड मानक जैसी योजनाओं में नियमित रूप से करवाती रहती हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के तीनों कक्षा-कक्षों में डिजिटल बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से शिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा रहा है। समग्र रूप से आज का यह विद्यालय भ्रमण अत्यंत संतोषजनक रहा। विद्यार्थियों के भीतर सीखने की प्रबल जिज्ञासा स्पष्ट रूप से दिखाई दी, और यह अनुभव इस बात को भी सार्थक करता है कि विज्ञान की पुस्तक का नाम क्यूरियोसिटी (जिज्ञासा) वास्तव में बहुत सोच-समझकर रखा गया है।
 


-विद्यार्थियों में सीखने की प्रबल जिज्ञासा स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई, जो यह सिद्ध करती है कि विज्ञान की पुस्तक क्यूरियोसिटी (जिज्ञासा) का नाम वास्तव में सार्थक है।
-डा. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा।