सिरसा पुलिस का पंजाब बॉर्डर पर रातभर चला पुलिस का सख्त पहरा, 127 वाहन खंगाले, 19 के चालान
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में अपराधियों की धरपकड़ और सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सोमवार रात सिरसा पुलिस ने पंजाब सीमा पर मुसाहिवाला नाका पर विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान पंजाब की ओर से आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
रातभर चले अभियान में पुलिस टीमों ने कुल 127 वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच कर यात्रियों से पूछताछ भी की, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि नाइट डोमिनेशन अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर पंजाब बॉर्डर पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर बनी रहे। ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। खासकर रात के समय सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
महिलाओं से अपील की गई है कि वे जरूरत पड़ने पर डायल-112 सेवा का बेझिझक उपयोग करें, ताकि पुलिस तुरंत सहायता पहुंचा सके। एसपी ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। जनता और पुलिस की साझी भागीदारी से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। सिरसा पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी।