NMMS परीक्षा के फॉर्म भरने में सिरसा पूरे हरियाणा में प्रथम, जिले के 5,357 विद्यार्थियों ने किया आवेदन
mahendra india news, new delhi
एनएमएमएस परीक्षा 2026-27 के लिए फॉर्म भरने के मामले में सिरसा जिले ने पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान हासिल किया है। हरियाणा में कुल 54,505 विद्यार्थियों ने फॉर्म भरे हैं, जिनमें से सिरसा जिले के 5,357 विद्यार्थी शामिल हैं। यह उपलब्धि जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय मुखियाओं के सामूहिक प्रयासों को दशार्ती है। सिरसा जिले से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा एनएमएमएस परीक्षा के लिए फॉर्म भरा जाना इस बात का संकेत है कि जिले के विद्यार्थी सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक हैं और अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए उत्साहित हैं। यह जागरूकता विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि और शिक्षकों द्वारा किए जा रहे मार्गदर्शन को भी दशार्ती है।
सरकारी छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने कहा कि एनएमएमएस परीक्षा में जिले के विद्यार्थियों की उत्साहजनक भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में जानकारी देना और उन्हें ऐसी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यालय मुखियाओं और शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी करवाएं, नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करें और उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठा सकें। जिला गणित विशेषज्ञ सिरसा डॉ. पी. डी. बैनिवाल ने कहा कि सिरसा जिले का पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान पर रहना सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि एनएमएमएस परीक्षा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर देती है। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता पहचानने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा गणितीय योग्यता, मानसिक योग्यता और अन्य विषयों की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। एनएमएमएस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक 12,000 वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। यह आर्थिक सहायता विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और शैक्षणिक लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करती है। परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर थी, जबकि 25 से 31 अक्टूबर तक फॉर्म में सुधार करने का अवसर दिया गया है। सिरसा जिले की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक होने और अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करती है।