सिरसा के निहाल ने यूट्यूब देखकर तय किया विश्व चैंपियनशिप का सफर, आर्म रेसलिंग में प्राप्त किया विश्व में तीसरा स्थान

 
Sirsa's Nihal decided to go to the World Championship by watching YouTube, got the third place in the world in arm wrestling
 

mahendra india news, new delhi
 एक तरफ जहां आज का युवा जहां सोशल मीडिया का सदुपयोग करने की बजाय दुरूपयोग अधिक कर रहा है, वहीं सिरसा के लाल निहाल ने यूट्यूब विडियो देखकर आर्म रेसलिंग में विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभागिता का सफर तय कर तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल सिरसा, बल्कि पूरे देश को गौरवांवित किया है। बेटे की सफलता पर परिवार भी फूला नहीं समा रहा है।

बुधवार को मीडिया से अपनी सफलता के अनुभव सांझा करते हुए निहाल ने बताया कि उसने यूट्यूब पर आर्म रेसलिंग (पंजा लड़ाना) का गेम देखा था, जिसके बाद उसके मन में इस गेम के प्रति उत्सुकता जागी। उसने मन बनाया कि वह इस गेम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा। उसने धीरे-धीरे बिना किसी कोच के खेलना शुरू किया। खेल के प्रति उसके जुनून से उसका चयन आर्म रेसलिंग विश्व चैंपियनशिप में हो गया, जहां उसने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर भारत देश को गौरवांवित करने का काम किया।

निहाल ने बताया कि अभी वह दिल्ली में बीटैक सीएसईएआई की पढ़ाई कर रहा है। इस बार वह जरूर तीसरे स्थान पर रहा, लेकिन आगामी चैंपियनशिप में उसका सपना भारत के लिए स्वर्णिम इतिहास रचने का रहेगा। निहाल ने बताया कि इस सफलता के पीछे उसके अभिभावकों का बहुत बड़ा हाथ है, जिन्होंने न केवल उसे लगातार प्रोत्साहित किया, बल्कि चहुंओर से सहयोग किया।


ये बोले अभिभावक:
पिता कुलविंद्र सिंह, माता रजनी, बहन डा. भव्या वमामा अनमोल चढ्डा ने बेटे की सफलता पर भावुक होते हुए कहा कि उन्हें बेटे की सफलता पर गर्व है। जब बेटे ने इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया तो उनके मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे। उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्हें इस बात का मलाल नहीं था कि उनका बेटा गोल्ड नहीं लेकर आया, बल्कि कांस्य पदक भी हमारे लिए किसी गोल्ड से कम नहीं है।


समाजसेवियों ने किया प्रोत्साहित:
बेटे की सफलता पर शहर के प्रमुख समाजसेवी व जयदेव-सहदेव जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान ललित जैन ने कहा कि यह सफलता सिरसा के साथ-साथ पूरे देशवासियों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि निहाल को भविष्य में किसी प्रकार की सपोर्ट की जरूरत होगी तो ट्रस्ट पूर्ण सहयोग करेगा। वहीं लायंस क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर निहाल को सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।