किसानों व व्यापारियों के लिए धीमा उठान बना मुसीबत: कीर्ति गर्ग
सिरसा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अनाज मंडी का दौरा किया और खरीद व उठान प्रक्रिया का निरीक्षण किया। प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने बताया कि मंडी में धीमे उठान को लेकर ठेकेदार से बातचीत की गई तो उसने बताया कि गाड़ियां गोदामों में भरी खड़ी है,
जिस कारण उठान में समस्या आ रही है। यही नहीं चावल की लोडिंग के चलते भी गाड़ियों की शॉर्टेज है और गोदामों में लेबर की कमी कोढ़ में खाज का काम कर रही है। उन्होंने ठेकेदारों से व जिला प्रशासन से मांग है कि गाड़ियों कि संख्या ज्यादा से ज्यादा बढ़ाई जाए, ताकि गेहूं का उठान समय पर किया जा सके। शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने कहा कि फसली सीजन में इस प्रकार की समस्याएं हर बार आती है, हर बार प्रशासन व ठेकेदार की ओर से सुविधाओं के लिए आश्वासन का झुनझुना पकड़ाया जाता है,
लेकिन फसल के मंडी में आने के बाद हालात फिर वही पुराने हो जाते हैं, जिससे किसानों के साथ-साथ व्यापारियों व मजदूरों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। गर्ग ने ठेकेदार से जल्द से जल्द उठान की मांग की, जब तक उठान नहीं तब तक भुगतान किसान साथियों को प्राप्त नहीं होता । इस तरह के प्रयास से किसानों के साथ-साथ व्यापारियों व मजदूरों को भी राहत मिल सके। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन मंडी प्रधान प्रेम बजाज, उपप्रधान राजू सुधा, कैशियर कृष्ण गोयल, दीपक गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यापारी व मजदूर उपस्थित रहे।