CDLU SIRSA में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एकल भजन गायन प्रतियोगिता का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के संगीत विभाग द्वारा विभाग के अध्यक्ष प्रो. कपिल चौधरी के दिशा निर्देशन में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एकल भजन गायन प्रतियोगिता का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न भजनों एवं भक्तिमय गीतों की एकल प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग की प्राध्यापक डॉ. सरस्वती चतुर्वेदी एवं डॉ. विनोद कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक वर्मा ने राग शहाना एवं सूलताल में निबद्ध गणेश स्तुति की प्रस्तुति दी। यह प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय संगीत की पारंपरिक ध्रुपद बानी पर आधारित थी, जिसने कार्यक्रम को गरिमामय एवं शास्त्रीय स्वरूप प्रदान किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने एकल गायन के माध्यम से अपनी स्वर-साधना, संगीतात्मक समझ एवं भावाभिव्यक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों में हर्ष मितवा, राजवीर, हर्षविंदर एवं प्रतिष्ठा ने वाद्य यंत्रों पर उत्कृष्ट संगति प्रदान करते हुए प्रतिभागी विद्यार्थियों का साथ दिया। उनकी प्रभावशाली संगति ने प्रस्तुतियों के लयात्मक एवं सांगीतिक सौंदर्य को और निखारा।
कार्यक्रम में संगीत विभाग के विद्यार्थियों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अन्य विभागों के विद्यार्थी भी श्रोता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।