नशे की लत छुड़वाने, सिरसा जिला को नशा मुक्त बनाने, दड़बा कलां से चौपटा तक खुद साइकिल चलाकर एसपी दीपक सहारण ने दिया बड़ा संदेश
सिरसा पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से गांव दड़बा कलां से नाथूसरी चौपटा तक एक भव्य साइक्लोथॉन साईकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने स्वयं साइकिल चलाकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
यह साइक्लोथॉन रैली गांव दड़बा कलां के बस स्टैंड से शुरू होकर नाथूसरी चौपटा के चौधरी देवीलाल चौक में पहुंची। इसके बाद भादरा रोड, नोहर रोड व सिरसा रोड से होते हुए करीबन 5 किलोमीटर का सफर तय कर चौपटा पुलिस थाना मेें संपन्न हुई।
रैली के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों द्वारा प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और "नशा मुक्त सिरसा" के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
गांव दड़बा कलां बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेल व शिक्षा के क्षेत्र में अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का सपना तभी साकार हो सकता है जब इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित हो।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी के आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे छोडऩे के लिए प्रेरित करना समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है। सिरसा पुलिस प्रशासन नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
एसपी सहारन ने साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले युवाओं को "बब्बर शेर" की संज्ञा देते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि युवा शक्ति जागरूक हो जाए, तो वह दिन दूर नहीं जब समाज पूर्ण रूप से नशा मुक्त होगा। इस दौरान जीव ही जीवन ट्रस्ट द्वारा चौपटा पत्रकार यूनियन की तरफ से एसपी दीपक सहारण को सिकोरे भेंट किए गये। इस अवसर पर डीएसपी राज सिंह, थाना प्रभारी प्रदीप श्योरण, पंचायत समिति के चेयरमैन सूरजभान बूमरा, जिला पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र बैनीवाल, रामकिशन खोथख्, पंजारी कृष्ण शर्मा, मनोज बैनीवालख्, ब्लाक समिति मेंबर विकास दून, कई गांवों के सरपंच व गणमान्य मौजूद रहे।