बीडीपीओ कार्यालय सिरसा व डबवाली में 23 सितंबर को लगेंगे विशेष कैंप

 

mahendra india news, new delhi
सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय परिसर सिरसा व बीडीपीओ कार्यालय परिसर डबवाली में सेवा सेतु अभियान कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्प में लाडो लक्ष्मी योजना, ऋण सहायता योजना, पेंशन कार्य सहित कई योजनाओं के स्टाल विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाएंगे। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि बीडीपीओ कार्यालय सिरसा व डबवाली में 23 सितंबर को सुबह 09 बजे से इन कैंपों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध करवाना है। कैंपों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर सुना जाएगा तथा पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कैम्प के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण करते हुए लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा आमजन की समस्या का मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान के दौरान लगाए जाने वाले इन कैम्प का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।