CDLU सिरसा में राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित, राजनीति विज्ञान विभाग की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

 

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
 

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के लोक प्रशासन विभाग द्वारा राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा सहित राजस्थान के भादरा से आई टीम समेत कुल 28 टीमों ने  भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सामान्य ज्ञान, पर्यावरण, प्रशासन, इतिहास, अर्थव्यवस्था, भारतीय राजव्यवस्था तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रारंभिक चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित कर टीमों का चयन किया गया।प्रतियोगिता में सीडीएलयू के राजनीति विज्ञान विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जेसीडी मेमोरियल कॉलेज की टीम द्वितीय तथा एमएम कॉलेज, फतेहाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही।


कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता  प्रो. सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनकी स्मरण शक्ति, तार्किक क्षमता और बौद्धिक कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें अपने ज्ञान का मूल्यांकन करने और नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डीन, इंटरनेशनल रिलेशंस एंड फॉरेन अफेयर्स प्रो. अनु शुक्ला ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ समसामयिक विषयों के प्रति उनकी समझ को भी व्यापक बनाती हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता तथा लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुल्तान सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से परे व्यापक ज्ञान अर्जित करने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।
पंजाब नेशनल बैंक की सीडीएलयू शाखा के ब्रांच मैनेजर  अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनसे इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।मंच संचालन लोक प्रशासन विभाग की शोधार्थी मीनाक्षी ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. राजकुमार सिवाच ने प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रायोजक, प्रतिभागियों, टीम प्रभारियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. विष्णु भगवान, प्रो. सत्यवान दलाल ,प्रो. उमेद, प्रो. अभय गोदारा, प्रो. पंकज शर्मा ,  प्रो. मंजू नेहरा , प्रो.  राजकुमार ,  प्रो. अमित ,डॉ. नीलम , कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र कुमार नुहिया  सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।