पूर्व मंत्री एवं एचएलपी सुप्रीमों गोपाल कांडा का बयान, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के बयान पर किया पलटवार
mahendra india news, new delhi
हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने आज पत्रकारों से बातचीत में सिरसा के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तो साथ ही राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। विशेष रूप से पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के वर्ष 2009 में विधानसभा चुनाव के बाद दीवार फांदकर गोपाल कांडा के घर में घुसने के बयान पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि दुष्यंत चैटाला को हरियाणा की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। अब वे लाइम लाइट में आने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उनका झूठ बेनकाब हो चुका है। दीवार फांदने का बयान देकर उन्होंने अपनी और अपने आकाओं की मानसिकता को उजागर कर दिया है। गोपाल कांडा ने जन्मदिन के मौके पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सिरसा उनका परिवार है। सिरसा के विकास के लिए वे हर समय तैयार हैं।
उन्होंने नए साल के लिए अपने संकल्पों पर भी चर्चा की। साथ ही कहा कि बद्दी की तर्ज पर सरकार को सिरसा के औद्योगिक विकास के लिए विशेष रियायतें देकर औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सिरसा में एक बड़ी उद्योग स्थापित करना चाहते हैं जिसमें हजारों युवकों को नौकरी मिल सके। पूर्व मंत्री ने कहा कि बेरोजगारी से ही नशा बढ़ता है। रोजगार मिलेगा तो नशे पर भी प्रहार होगा।
सिरसा की अग्रसेन कालोनी में सेवा निवृत समाज कल्याण अधिकारी सुशील शर्मा के आवास पर आयोजित जन्मदिन समारोह में पहुंचे गोपाल कांडा ने केक काटा। शुभकामनाएं ली और इस अवसर पर जुटे सभी शहरवासियों का आभार जताया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नशे के खात्मे के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने चाहिएं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उन्होंने नशा मुक्ति केन्द्र मंजूर करवाया था। अब बाबा सरसाईंनाथ मेडिकल कालेज में ही नशा मुक्ति केन्द्र अलग से स्थापिता होगा। गोपाल कांडा ने कहा कि इस नशा केन्द्र को निजी कोष से चलाने के लिए वे तैयार हैं। इसके लिए वे सरकार को भी प्रस्ताव भेजेंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सिरसा के चैतरफा विकास के लिए वे हर समय तैयार हैं। उन्होंने कहा कि साल 2025 में सिरसा को अग्रवाल सेवा सदन और शिवपूरी का जीर्णोद्धार हुआ। आने वाले साल में भी मेडिकल कालेज सहित कई अन्य विकास की परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। निश्चित ही इनका लाभ सिरसा के लोगों को मिलेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सिरसा में अनेक ऐसे सरकारी भवन हैं जो समय सीमा पूरी होने के बाद जर्जर हालत हैं। उनकी जगह मल्टी लेवल पार्किंग और अन्य जन कल्याण के लिए किया जा सकता है। इसके लिए वे उपायुक्त से चर्चा करेंगे और मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रपोजल रखेंगे।