अंजान लिंक, टेलीग्राम चैनल और फर्जी ट्रेडिंग एप से रहें दूर, बैंक व लेन-देन संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें : एसपी दीपक सहारन

 

mahendra india news, new delhi
शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रातों-रात मोटा मुनाफा कमाने की चाहत रखने वाले लोगों को साइबर ठग अपना निशाना बना रहे हैं। साइबर अपराध से बचाव को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन के विशेष एडवाजरी करते हुए कहा कि किसी भी तरह के लालच में आकर अपनी बैंकिंग अथवा लेन-देन संबंधी जानकारी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही मेहनत की गाढ़ी कमाई पर भारी पड़ सकती है।

एसपी ने बताया कि आजकल साइबर ठग लोगों को व्हाट्सएप कॉल, मोबाइल कॉल, टेलीग्राम चैनल और अंजान लिंक के जरिए शेयर ट्रेडिंग में कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दे रहे हैं। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाकर या लिंक पर क्लिक करवाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की जा रही है। इसलिए किसी भी थर्ड पार्टी एंड्रायड एप का इस्तेमाल करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें और केवल विश्वसनीय वेरिफाइड एप तथा सर्विस प्रोवाइडर का ही इस्तेमाल करें।‌उन्होंने कहा कि केवाईसी अपडेट, बिजली कनेक्शन काटने, लॉटरी या फ्री ऑफर के नाम पर आए संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और मैसेज में दिए नंबर पर कॉल करने की बजाय संबंधित बैंक या विभाग के कार्यालय से सीधे संपर्क करें। रुपए प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन या पासवर्ड डालने की जरूरत नहीं होती।


एसपी ने लोगों को सलाह दी कि अपने पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें और मजबूत अल्फान्यूमेरिक व स्पेशल कैरेक्टर वाले पासवर्ड रखें। मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप में अनावश्यक रिमोट एक्सेस एप जैसे एनीडेस्क, टीमव्यूवर आदि इंस्टॉल हैं तो उन्हें तुरंत हटा दें। व्हाट्सएप पर अंजान नंबर से वीडियो कॉल आने पर पहले सामने वाले की पहचान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।