सीडीएलयू SIRSA में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर छात्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधि विभाग, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, सीडीएलयू सिरसा तथा निर्वाचन कार्यालय, सिरसा के संयुक्त तत्वावधान में स्टूडेंट्स फॉर एक देश, एक चुनाव विषय पर बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


इस संबंध में जानकारी देते हुए डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर राजकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में  विद्यार्थियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा, इसके महत्व, लाभ और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका से अवगत करवाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध चिंतक एवं वक्ता फणीन्द्र नाथ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने की।


मुख्य अतिथि फणीन्द्र नाथ शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वन नेशन–वन इलेक्शन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सशक्त, स्थिर और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों से न केवल प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं, बल्कि विकास योजनाएं भी बाधित होती हैं। एक साथ चुनाव होने से समय, संसाधन और धन की बड़ी बचत संभव है।


उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र–एक चुनाव से नीति निर्माण में निरंतरता आएगी, सुशासन को बढ़ावा मिलेगा और जनता का लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर विश्वास और मजबूत होगा। साथ ही चुनावी खर्च में कमी आने से संसाधनों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि वन नेशन–वन इलेक्शन जैसे विषयों पर अकादमिक विमर्श समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे विषयों पर चर्चा का सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे युवा वर्ग लोकतंत्र की जटिलताओं और संभावनाओं को समझ सके। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों को विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विधि विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर राजकुमार सलार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।