सिरसा में महिला की संदिग्ध मौत, मर्डर करने का आरोप; ससुरालियों पर केस दर्ज

 
mahendra india news, new delhi

सिरसा जिला के गांव अलीकां में एक विवाहिता महिला की संदिग्ध मौत हो गई। महिला का शव बाथरुम डोर की चौगाठ पर लटकता हुआ मिला। मृतका महिला की पहचान गुरदीप कौर के रुप में हुई है। मूल रुप से गांव मसीतां की निवासी है। जिला के गांव अलीकां में अर्शदीप सिंह से विवाहित थी। उसके 2 बच्चेे हैं। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालियों पर हत्या के आरोप लगाए हैं।

गांव मसीतां निवासी मंगा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 6 मार्च को अलसुबह करीब 4 बजे उसके पास बहन के ससुर सिमरा सिंह का मोबाइल पर फोन आया कि गुरदीप कौर ने बाथरुम में फांसी लगा ली है। वह सुबह करीब 9 बजे मौका पर पहुंचे तो देखा कि उसका शव बाथरुम के गेट की चौगाठ पर हरे व सफेद रंग की रस्सी से लटका हुआ था।


एक प्लास्टिक की कुर्सी व पास में काले रंग की चप्पल पड़ी हुई थी। एक चुनरी उसके पैरों के पास पड़ी थी। उसकी बहन की सास, ससुर, ननद, पति ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। मेरी बहन के गले में रस्सी डालने के बाद बाथरुम के गेट पर लटका कर उसे मारा गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए मारा गया है। पुलिस ने मंगा सिंह के बयान के आधार पर मृतका की सास वीरपाल कौर, ससुर सिमरा सिंह, पति अर्शदीप सिंह तथा ननद कुलदीप कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बृहस्पतिवार को डबवाली स्थित सामान्य अस्पताल में 3 सदस्यीय चिकित्सीय बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।


मंगा सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी 20 मार्च 2020 को अर्शदीप के साथ हुई थी। बहन के 2 बेटे 5 साल का कृष्ण, 4 साल का अमदीप सिंह है। पिछले करीबन 3 साल से कृष्ण उनके पास ही गांव मसीतां में रहता है। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराली गुरदीप कौर को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।

आरोपित उसे घर से निकाल देते थे। दहेज में मोटरसाईकिल न लाने के लिए ताने मारते थे। दोनों परिवारों की पंचायतें गांव मसीतां तथा अलीकां में हुई थी। मृतका के भाई के मुताबिक करीबन 5 महीने पर्व गुरदीप कौर को सास, ससुर, पति तथा नन्द ने मारपीट करके घर से निकाल दिया था। 


इंस्पेक्टर देवीलाल, प्रभारी, शहर थाना डबवाली ने बताया कि मृतका के भ्भाई मंगा सिंह के बयान पर गुरदीप कौर के ससुरालियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मंगा सिंह का कहना है कि दहेज के लिए ससुराली उससे प्रताड़ित करते थे। मृतका के पति, सास, ससुर तथा ननद को नामजद किया गया है।