25 जुलाई से एमएसजी भारतीय खेल गांव में तैराकी का महासंग्राम, नॉर्थ जोन-2 सीबीएसई स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए तैयार खेल गांव
mahendra india news, new delhi
सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग की चार दिवसीय स्विमिंग चैंपियनशिप का आगाज 25 जुलाई से एमएसजी भारतीय खेल गांव में होगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के तैराक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चैंपियनशिप का शुभारंभ 25 जुलाई को सुबह 9 बजे होगा।
उद्घाटन समारोह में स्विमिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया व हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तथा हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत इन्सां एवं स्पोर्ट्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न स्पधार्ओं में भाग लेंगे।
प्रतिभागी खिलाड़ी और टीम अधिकारी 24 जुलाई से सिरसा पहुंचना शुरू हो जाएंगे। उनके ठहरने, भोजन, परिवहन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सिरसा द्वारा किया जा रहा है। चैंपियनशिप में मुकाबलों के सटीक परिणाम सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम (टच पैड्स) का उपयोग किया जाएगा। इससे समय मापन पूरी तरह सटीक और पारदर्शी रहेगा।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि प्रतियोगिता सुरक्षित, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। यह चैंपियनशिप युवा तैराकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच अनुभव साझा करने का भी अवसर प्रदान करेगी। एमएसजी भारतीय खेल गांव का अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल इस चैंपियनशिप का प्रमुख आकर्षण रहेगा। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस इस पूल में प्रतियोगिता के सभी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।