ग्लोबल स्पेस मंदिर का वार्षिक उत्सव व परिवार मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न, महामंडलेश्वर स्वामी अरुणदास जी महाराज ने दिया आशीर्वाद

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। धार्मिकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'ग्लोबल स्पेस मंदिर कमेटी' एवं स्थानीय निवासियों के संयुक्त सहयोग से मंदिर का भव्य वार्षिक उत्सव एवं परिवार मिलन समारोह बड़ी ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में न केवल कॉलोनी वासियों बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समस्त समाज के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना करना रहा। उत्सव की शुरुआत भगवान के नाम सुमिरन के साथ हुई।

इस दौरान अध्यात्म का एक अनूठा माहौल देखने को मिला। ग्लोबल स्पेस की महिला कीर्तन मंडली और प्रसिद्ध 'राधा नाम संकीर्तन मंडल' के सदस्यों ने संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विशेष रूप से पवनपुत्र हनुमान जी के संकटमोचन स्वरूप का गुणगान किया गया। ढोलक और मंजीरों की थाप पर गाए गए भजनों पर पांडल में मौजूद महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने और नाचने को मजबूर हो गए।

पूरा परिसर 'जय श्री राम' और 'राधे-राधे' के जयकारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए श्री जगन्नाथधाम, हरिद्वार से परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री अरुणदास जी महाराज विशेष रूप से इस समारोह में आशीर्वाद देने पहुंचे। कमेटी के प्रवक्ता भूमिबल शर्मा ने बताया कि महाराज जी का कॉलोनी में पहुंचने पर निवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में महामंडलेश्वर श्री अरुणदास जी महाराज ने कहा कि ऐसे सामूहिक धार्मिक आयोजन मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और व्यस्ततम जीवन में से कुछ पल निकालकर भगवान की शरण में बैठना ही वास्तविक शांति है। वार्षिक उत्सव को यादगार बनाने के लिए ग्लोबल स्पेस के निवासियों ने आपसी सहयोग और सेवा भावना की एक बेहतरीन मिसाल पेश की। सभी के सामूहिक प्रयास से एक विशाल भंडारे (प्रसाद) का आयोजन किया गया।

शाम 7 बजे प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ जो देर रात्रि तक चलता रहा l जिसमें आसपास के सैकड़ों भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सेवाएं दीं। इस मौके पर मंदिर संरक्षक यशपाल शर्मा, मंदिर प्रधान प्रमोद नागपाल, कैशियर मोहित गर्ग, राजिंदर बंसल, रणवीर बीसू, महावीर शर्मा, अरविद कुमार, जसप्रीत सिंह, प्रकाश सिंह, रोहताश कुमार, मेघराज सिंगला, बलविंदर मिरोक, एवं समस्त निवासी उपस्थित थे।