भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
सिरसा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला सिरसा द्वारा रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में आयोजित किए गए। योग दिवस पर स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, अध्यापकों तथा विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों तथा प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) डॉ. इंद्र सैन तथा जिला सचिव सुखदेव सिंह ढिल्लों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया तथा सभी गतिविधियों की देखरेख करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवद्र्धन किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। वहीं अपने संदेश में जिला शिक्षाधिकारी सुभाष फुटेला ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जी सकता है। उन्होंने स्काउट्स एवं गाइड्स से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के स्काउट मास्टर्स, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर्स, रेंजर लीडर्स तथा काफी संख्या में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला सिरसा द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। स्काउट मास्टर आनंदप्रकाश कारगवाल ने कार्यक्रमों के माध्यम से एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।