हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन ने रानियां गौशाला में किया गोपूजन, विकास कार्यों की रखी आधारशिला
mahendra india news, new delhi
गोपाष्टमी के अवसर पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद कंबोज ने रानियां स्थित श्री गौशाला में 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गौशाला शेड तथा 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। दोनों विकास कार्यों पर कुल 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर गौशाला परिसर में विधि-विधान से गोपूजन किया गया तथा विश्व कल्याण और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके पश्चात गौशाला शेड के निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन किया गया।
चेयरमैन रामचंद कंबोज ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। आयोग के चेयरमैन रामचंद कंबोज ने कहा कि हरियाणा सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश की गौशालाओं में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शेड निर्माण, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोसेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। गौवंश की सेवा, सुरक्षा और बेहतर देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में नगरपालिका के चेयरमैन मनोज सचदेवा, वाइस चेयरमैन रमेश कुमार बब्बी, पार्षद सुखविंदर सिंह मौर, पवन कालड़ा, चंद्रभान कामरा, पार्षद प्रतिनिधि सुनील, नीका चीमा सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा श्री गौशाला रानियां के प्रधान संदीप मित्तल, श्री नंदीशाला रानियां के प्रधान सरदार लछमन सिंह रत्ता, कमेटी संरक्षक सुरेश सिंगला, कमेटी सदस्य सतपाल मिड्ढा, कमल बांसल, राजेश खन्ना, निर्मल सिंह, केवल सामा, सुखविंदर कंबोज सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।