सिरसा में 29 नवंबर को होगा छत्रपति स्मृति समारोह, पत्रकार शीतल पी सिंह को मिलेगा 'छत्रपति सम्मान-2026
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
साहित्यिक-सांस्कृतिक-सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था 'संवाद सिरसा' के तत्वावधान में 29 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे पंचायत भवन, सिरसा में आयोजित किए जा रहे 'छत्रपति स्मृति समारोह' की तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन संयोजक परमानंद शास्त्री की अध्यक्षता में किया गया। 'संवाद सिरसा' के सह-संयोजक डॉ. हरविंदर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विभिन्न समिति प्रभारियों ने इस आयोजन संबंधी तैयारियों के बारे में विस्तार सहित अवगत करवाते हुए विश्वास प्रदत्त किया कि इस आयोजन संबंधी सभी तैयारियॉं मुकम्मल कर ली गईं हैं।
डॉ. हरविंदर सिंह ने कहा कि 'छत्रपति स्मृति समारोह' के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पत्रकार शीतल पी सिंह को 'छत्रपति सम्मान-2026' से अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर शीतल पी सिंह 'ए आई के दौर में दुनिया, लोकतंत्र और मीडिया' विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात पंजाबी लेखक अतरजीत कहानीकार (बठिंडा) करेंगे। समारोह के दौरान प्रो. हरभगवान चावला रचित लघुकथा संग्रह 'सीज़फायर' व डॉ. रामेश्वर दास रचित समीक्षा पुस्तक 'जाति व्यवस्था और विचारधारा' का लोकार्पण किया जाएगा और पुस्तक प्रदर्शनी भी भी लगाई जाएगी। बैठक में अंशुल छत्रपति, प्रो. हरभगवान चावला, परमानंद शास्त्री, डॉ. हरविंदर सिंह, डॉ. शेर चंद, अनीश कुमार, सुशील पुरी, कुलवंत सिंह, ललित सोलंकी, नवनीत सिंह रेणू इत्यादि ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाई। आयोजकों ने सिरसा ज़िला व आस-पास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों से इस समारोह में सपरिवार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज़ करवाते हुए शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति को पुष्पांजलि अर्पित करने हेतु विनम्र निवेदन किया है।