सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है आयोग: चेयरमैन ईश्वर सिंह
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को मास्क दस्ताने व दूसरे सुरक्षा उपकरण हर हाल में उपलब्ध होने चाहिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न आए। आयोग का कार्य सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य करना है। वे वीरवार को स्थानीय पंचायत भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में आयोग के उपाध्यक्ष डा. भारत भूषण, सदस्य चंद्र प्रकाश बोस्ती, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप, पार्षद सुमन शर्मा, पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता गौरव भारद्वाज व डीपीएम सुखविंद्र ने भी विचार रखे।
चेयरमैन ईश्वर सिंह ने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों के परिवारों के सामाजिक स्तर को उठाने, उनके बच्चों को शिक्षित करने और रोजगार कोर्स से जोडऩे के लिए भी कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग का फैसला सभी सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर और उनके ईलाज करवाने का है। इस दिशा में प्रदेश के 13 जिलों में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए हेल्थ कैंप लगाए गए हैं, जिनमें सिरसा में भी एक जुलाई से शहरी क्षेत्र में छह स्थानों पर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पीएचसी और सीएचसी में स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी इस बात का ध्यान रखें कि उनके बच्चे ऐसी संगत से बचें जो उन्हें नशे की दलदल की तरफ ले जा सकती है। हरियाणा और केंद्र सरकार की कई स्कीमें उन्हें रोजगार से जोड़ सकती है और इस दिशा में भी कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सफाई कर्मचारियों के हितों में कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत आए तो वे निसंकोच आयोग को लिखें और अपनी बात को कभी भी रख सकते हैं।
आयोग के उपाध्यक्ष डा. भारत भूषण ने कहा कि सफाई कर्मचारी योद्धा है और सफाई कर्मचारियों की सेवाओं को कोरोना काल में सभी ने देख भी लिया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वस्थ होगा तभी वह सही कार्य कर पाएगा और इसीलिए सभी सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों को सहुलियत व सुविधाएं देने के लिए भी कार्य करेगा और इस दिशा में कुछ कदम भी उठाए गए हैं। आयोग के सदस्य चंद्र प्रकाश बोस्ती ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याएं जानने के लिए आयोग जिला स्तर पर पहुंच रहा है और जो समस्याएं आ रही है, उनका समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सैलरी में बढोतरी की गई और कच्चे कर्मचारियों को हरियाणा में जुते और कपड़े के लिए भी धनराशि दी गई है।