नाथुसरी चौपटा खंड के गांव में पशुओं के पीने के पानी का संकट गहराया, जोहड़ तालाब सूखे

 
Mahendra india news, new delhi

SIRSA जिले के नाथुसरी चौपटा खंड के गांव कुम्हारिया में जोहड़ में पानी की कमी से पशुओं के पीने के पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पशुओं को पानी पिलाने के लिए ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जोहड़ पूरी तरह से सूख चुका है।

ग्रामीण महेंद्र सिंह, जगदीश, महावीर, रामकुमार, सतवीर सिंह, ने बताया कि इस समय गर्मी शुरू हुई है ओर पानी की किल्लत पैदा हो गई है। गर्मी के मौसम में पशुओं को पानी पिलाने के लिए जोहड़ में ले जाना पड़ता है। लेकिन गांव में बने जोहड़ो में पानी तो पूरी तरह से सूख चुका है जिसमें दरारें पड़ गई है। अभी बारिश का मौसम भी दूर है और गर्मी भी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। अब खेतों मे काम का समय चल रहा है। पशुओं के लिए पानी का प्रबंध जरूरी हो जाता है ।

 ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बढ़ती गर्मी के प्रकोप को देखते हुए पशुओं के पीने के पानी के तालाबों को पानी से भरवाया जाए। गाँव के सरपंच रूपेश बैनीवाल ने बताया की जोहड़ में पानी की कमी को दूर किया जाएगा। जोहड़ में पानी पंचायती ट्यूबवेल व नहरी पानी की बारी से डाला जाएगा।  साथ ही जोहड़ की खुदाई व सौन्दर्य करण के बारे में भी विभाग को लिखा हुआ है। जब भी ग्रांट मिल जाएगी जोहड़ काम शुरू कर दिया जाएगा।