भूगोल विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक भूगोल शिक्षा, शोध एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है 

 

mahendra india news, new delhi

  चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का भूगोल विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक भूगोल शिक्षा, शोध एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। विभाग का मुख्य उद्देश्य नवाचार आधारित शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा मानव एवं प्राकृतिक तंत्रों के अध्ययन को बढ़ावा देना है, ताकि विद्यार्थी वैश्विक स्तर की चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम बन सकें।


भूगोल विभाग के अध्यक्ष प्रो. धर्मवीर सिंह ने बताया कि विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों एवं शोध अभिरुचि को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का लक्ष्य ऐसे युवा भूगोलवेत्ता तैयार करना है जो उच्च शिक्षा, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय नियोजन, जीआईएस, रिमोट सेंसिंग, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।


उन्होंने बताया कि विभाग में एम.एससी. भूगोल पाठ्यक्रम में 50 सीटें उपलब्ध हैं। विभाग में पर्यावरण भूगोल, रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस, शहरी नियोजन तथा भू-आकृति विज्ञान जैसे आधुनिक एवं रोजगारपरक विषयों का अध्ययन करवाया जाता है। विभाग में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने हेतु अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें 4 कक्षाएं, 3 प्रयोगशालाएं, 2 संकाय कक्ष, अध्यक्ष कार्यालय एवं लिपिक कार्यालय शामिल हैं।
विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि विभाग के 3 विद्यार्थियों ने जेआरएफ तथा 15 विद्यार्थियों ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इसके अतिरिक्त विभाग के लगभग 10 विद्यार्थी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि 2 विद्यार्थियों का चयन हरियाणा पुलिस में हुआ है। प्रो. धर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे भूगोल विभाग में प्रवेश लेकर आधुनिक तकनीकी एवं शोध आधारित शिक्षा का लाभ उठाएं तथा अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।