राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आगामी 18–19 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं विकसित भारत @ 2047 विषय पर डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन

 
 Mahendra india news, new delhi

 चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आगामी 18–19 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं विकसित भारत @ 2047 विषय पर डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित सी. वी. रमन भवन के सेमिनार हॉल में प्रारंभ होगा।


इस संबंध में जानकारी देते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर राजबीर सिंह दलाल ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता 18 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक टीम में तीन विद्यार्थी शामिल होंगे। इसी क्रम में 19 फरवरी 2026 को “विकसित भारत @ 2047” विषय पर डिबेट प्रतियोगिता आयोजित होगी। डिबेट प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में दो विद्यार्थी होंगे, जिनमें से एक विद्यार्थी विषय के पक्ष (संभावनाएं) तथा दूसरा विपक्ष (चुनौतियाँ) में अपने विचार प्रस्तुत करेगा। प्रत्येक टीम को अपने विचार व्यक्त करने के लिए लगभग 8 मिनट का समय दिया जाएगा।


डिबेट प्रतियोगिता के उप-विषय आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक, शासन, लोकतंत्र, सांस्कृतिक, पर्यावरण, अवसंरचना एवं कृषि, डिजिटल परिवर्तन, भारत और विश्व, राजनीति में युवा, जनसांख्यिकीय लाभांश का उपयोग आदि हो सकते हैं। प्रत्येक टीम के साथ एक टीम मैनेजर/शिक्षक प्रभारी का होना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।