ग्लोबल रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में सर्वसम्मति से सम्पन्न, राजेंद्र बंसल को चुना गया प्रधान
mahendra india news, new delhi
ग्लोबल स्पेस स्थित सेंट्रल पार्क में ग्लोबल रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव अत्यंत सौहार्दपूर्ण, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. उमेद सिंह तथा चुनाव समिति के सदस्यों श्री प्रेमचंद कंबोज, श्री अमरजीत सिंह एवं श्री रविंद्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं देखरेख में सम्पन्न करवाई गई।
चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले महासचिव श्री बलविंदर सिंह morok जी ने पिछले दो वर्षों का लेखा-जोखा अपनी महासचिव की रिपोर्ट में प्रस्तुत किया जो की उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनों हाथ उठाकर महासचिव की रिपोर्ट को पास किया व दूसरी रिपोर्ट कोषाध्यक्ष महोदय की रिपोर्ट आम सभा में रखी गई कोषाध्यक्ष महोदय श्री भानी राम जी ने आय व्यय की रिपोर्ट आमसभा में रखी । आम सभा की बैठक में कोषाध्यक्ष महोदय की रिपोर्ट को उपस्थित जनों ने दोनों हाथ उठाकर पास किया । इसके बाद प्रधान श्री राजेंद्र बंसल जी ने अपने 2 साल के कार्यकाल की मुख्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए अंत में कार्यकारिणी का इस्तीफा चुनाव कमेटी को पेश किया । जिसे चुनाव कमेटी ने स्वीकार कर लिया ।
चुनाव प्रक्रिया में सभी निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आपसी भाईचारे, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का परिचय देते हुए सभी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में श्री राजेंद्र बंसल को प्रधान, श्री बलविंदर सिंह मिरोक को महासचिव, श्री प्रेमचंद कंबोज को वरिष्ठ उपप्रधान, श्री मेघराज सिंगला को उपप्रधान, श्री सुनील यादव को संयुक्त सचिव, श्री भानीराम को कोषाध्यक्ष तथा श्री रविंद्र कुमार को लेखा परीक्षक निर्विरोध चुना गया।
इसी प्रकार कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में श्री भूप सिंह ख्यालिया, श्री यशपाल शर्मा, श्री संदीप शर्मा एडवोकेट, श्री उदय पाल बिश्नोई एडवोकेट तथा श्री हरबंस सिंह दंडवाला का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त श्री भूमिबल शर्मा को प्रेस सचिव एवं मीडिया सलाहकार तथा श्री दिलीप मोंगा को एसोसिएशन का संरक्षक नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित प्रधान श्री राजेंद्र बंसल ने सभी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी ग्लोबल स्पेस के समग्र विकास, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, बेहतर नागरिक सुविधाओं तथा निवासियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण समर्पण एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य कॉलोनी में भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं जनसहभागिता को और अधिक मजबूत बनाना है।
चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. उमेद सिंह एवं चुनाव समिति के सदस्यों ने सभी निवासियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग देने तथा सर्वसम्मति से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्लोबल स्पेस के निवासियों ने आपसी एकता और सामाजिक सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो अन्य रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया तथा क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया गया।